देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कृषि महाविद्यालय , सिरोही में शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत नव प्रवेशित बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रम संरचना, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अनुशासन एवं कृषि शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात संकाय सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकाय सदस्य किंकर सिंह ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक अनुशासन एवं विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा कृषि क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के शैक्षणिक प्रभारी डॉ बी एस मीणा जी ने महाविद्यालय के अंदर होने वाली सेमेस्टर सिस्टम की जानकारी प्राप्त करवाई उसी के साथ उनके आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिलाया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं एवं महाविद्यालयीन नियमों की जानकारी प्रदान की।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अध्ययन प्रारंभ करने हेतु मार्गदर्शन दिया गया। उसके साथ अविनाश जांगिड़ ने महाविद्यालय में होने की गतिविधियों के तहत आगे सरकारी और गैर सरकारी नौकरियों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में एसोसिएट डीन डॉ अंकित चोकडीवाल, डॉ दया शंकर मीणा, डॉ आर सी सावल, चेतना सिंघल, शिव शंकर चौहान, अंशु सक्सेना, शिवराम धाकड़, राजू लाल धाकड़ सभी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नव प्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार की ओर से उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

