देवली में पानी मिश्रित डीजल बेचकर लोगों से की धोखाधड़ी।

* दो युवक 30 लीटर की केन छोड़कर फरार….

देवली. शहर में सस्ता डीजल बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर युवक पानी मिश्रण युक्त डीजल कम दर पर बेचकर भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार दोपहर पेट्रोल पंप चौराहा पर दो युवक मोटरसाइकिल से पानी मिश्रित डीजल की केन लेकर जा रहे थे। इस दौरान छातड़ी निवासी कालूराम, जो करीब सप्ताह भर पहले इसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार हुआ था, ने उन्हें देख लिया। रोकने की कोशिश पर दोनों युवक करीब 30 लीटर की केन कांग्रेस कार्यालय के बाहर रखकर फरार हो गए।

वहां मौजूद दुकानदार राजू पाठक ने देखा कि केन में पानी मिश्रित डीजल भरा हुआ था। पीड़ित कालूराम ने बताया कि कुछ दिन पहले वह पेट्रोल पंप पर डीजल लेने आया था। तभी दो युवक पहुंचे और रुपए की जरूरत बताकर ट्रक से डीजल निकालकर सस्ते में बेचने की बात कही। कालूराम ने विश्वास कर उनसे करीब 50 लीटर की केन खरीद ली। लेकिन गांव ले जाकर उपयोग करने पर उसमें पानी की मात्रा पाई गई और वह धोखाधड़ी का शिकार हो गया। शुक्रवार को दोनों युवक फिर दिखने पर पीछा करने की कोशिश की गई, लेकिन वे केन छोड़कर भाग निकले। मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई है। शाम तक भी वह केन कांग्रेस कार्यालय के बाहर रखी हुई थी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *