मंसूबे में असफल रहे चोर, दूसरी बार हुई चोरी की कोशिश…..
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर में बस स्टैंड के निकास द्वार के समीप एक कपड़े की दुकान में सोमवार रात चोरों ने ताले तोड़कर वारदात करने का प्रयास किया। हालांकि, चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। यह वारदात उक्त व्यापारी के लिए दूसरी बार हो चुकी है। गायत्री क्लॉथ स्टोर संचालक विवेक उपाध्याय ने बताया कि बीती रात चोर ऊपर छत की ओर से दुकान में नीचे के गेट की तरफ आए और उन्होंने यहां बाहर की ओर लगे दो ताले तोड़ दिए। हालांकि, दो ताले दुकान में अंदर की ओर से भी लगे थे, जिस वजह से चोर भीतर नहीं घुस सके और नुकसान बच गया। पीड़ित विवेक उपाध्याय ने बताया कि इसी तरह गत 22 जून को भी चोरों ने इसी तरह वारदात का प्रयास किया था। यह वारदात लगातार दूसरी बार हो चुकी है।
पहली वारदात के बाद उन्होंने छत के ऊपर से नीचे की ओर लगे गेट को बंद करने के लिए दीवार बनाने का फैसला किया, लेकिन सोमवार को पूरे दिन बारिश होने की वजह से वह दीवार नहीं बनवा सके। चोरों ने यहां लोहे के गेट पर लगी फाइबर शीट को तोड़कर अंदर से भी ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए। सूचना पर श्री व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। थाना पुलिस से हेडकांस्टेबल सैयद जावेद भी यहां आए और मौका देखा। पीड़ित विवेक उपाध्याय ने थाने में रिपोर्ट दी है।


