देवलीः- देवली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर अपनी जांबाजी का सबूत पेश किया है। राजेश कुमार मीणा पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशानुसार व पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा, हेमराज पुलिस उप अधीक्षक देवली के निर्देशन में दौलत राम गुर्जर पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी थाना देवली के नेतृत्व में विगत दिनों में कस्बा देवली में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में विशेष टीम का गठन किया गया। देवली थाना अधिकारी दौलत राम के अनुसार 13.01.2026 को परिवादी सुन्दर लाल मीणा पुत्र सोमाराम मीणा निवासी कासीर, तहसील देवली, जिला टोंक द्वारा थाना देवली पर उपस्थित होकर रिपोर्ट दी गई कि उसकी मोटरसाइकिल HERO HF DELUXE जिसे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने खाद-बीज की दुकान के बाहर खड़ी की थी, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ले गये। इत्यादि पर प्रकरण पंजीबद्ध कर चोरी की गई मोटरसाईकिलो की बरामदगी व मुलजिमान की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु विशेष टीम का गठन किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु गठित टीम द्वारा कस्बा देवली में घटना स्थल एवं उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक किए गए। सीसीटीवी विश्लेषण एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी दौरान मुखबीर खास से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एक बिना नंबरी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल लेकर चर्च रोड से जयपुर रोड की ओर जा रहे हैं, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। मुखबीर से प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल रवाना होकर चर्च रोड पर नाकाबंदी प्रारम्भ की गई, जहां कुछ ही समय बाद दो व्यक्ति एक बिना नंबरी मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्धों को रोका गया एवं पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं देने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिस पर दोनों व्यक्तियों द्वारा मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया गया। मोटरसाइकिल के इंजन नंबर एवं चेचिस नंबर का मिलान किया गया उक्त मोटरसाइकिल थाना देवली के प्रकरण में चोरी गई मोटरसाईकिल होने से मोटरसाईकिल को जब्त किया जाकर दोनों आरोपियों घनश्याम पुत्र भंवरलाल, जाति भील, उम्र 20 वर्ष, निवासी बीबनवा रोड, बूंदी, थाना सदर बूंदी, जिला बूंदी व नरेन्द्र कुमार मीणा उर्फ रायसिंह पुत्र रामसिंह, जाति मीणा, उम्र 38 वर्ष, निवासी ऊँचा, थाना हनुमान नगर, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया गया।



