रंग उमंग व उत्साह के साथ मनाया फागोत्सव।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। गुरुवार को गौतम हितकारिणी सभा महिला मंडल द्वारा ज्योति कॉलोनी स्थित गौतम सेवा सदन में फागोत्सव का आयोजन किया गया। जहां समाज की दर्जनों बहनों ने सहभागिता कर उत्सव की शोभा बढ़ाई। वहीं भजन सम्राट अंकित पंचोली ने अपनी सुरीली आवाज में भजन व गीतों से माहौल को ओर भी रंगीन बना दिया। अरुणा शर्मा व अन्नू शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और उन्हें आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनते हैं। समय समय पर ऐसे सामाजिक कार्यक्रमो का आयोजन होना जरूरी है।

 

उधर बुधवार को माहेश्वरी महिला मंडल देवली द्वारा गंगागोरिया बालाजी परिसर में फागुन उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। अध्यक्ष वंदना तोषनीवाल ने बताया कि कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही राधा-कृष्ण की सजीव एवं मनमोहक झांकियाँ, जिन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। परिसर को फूलों और रंगों से सुसज्जित कर ऐसा वातावरण निर्मित किया गया मानो वृंदावन की छटा साकार हो उठी हो। सचिव रेखा मूंदड़ा ने बताया कि उत्सव में ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल एवं पारंपरिक व्यंजनों को प्रेमभाव से सजाकर अर्पित किया गया। फागुन के पारंपरिक होली गीतों पर बहनों ने भक्ति भाव से गायन एवं नृत्य प्रस्तुत किया। राधा-कृष्ण के भजनों की मधुर धुनों से संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा। लगभग 100 महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया एवं मंगलकामनाओं के साथ उत्सव का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *