व्यापार महासंघ ने विधायक राजेंद्र गुर्जर को सौंपा मांग पत्र, देवली की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। स्थानीय व्यापार महासंघ, देवली के एक प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर से उनके टोंक कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान महासंघ ने देवली शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के संबंध में एक मांग पत्र सौंपकर उनके स्थाई निराकरण की पुरजोर मांग की गई। ​प्रतिनिधि मंडल ने विधायक के सामने मांग रखी कि देवली शहर स्थित कृषि उपज मण्डी को विशिष्ट श्रेणी की मण्डी या गौण मण्डी का दर्जा दिलाया जाए। महासंघ का कहना है कि वर्तमान में मुख्य कृषि मण्डी के शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर चले जाने के कारण देवली शहर का स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे कई व्यापारी पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। ​इस समय देवली का सबसे संवेदनशील और ज्वलंत मुद्दा बस स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने का चल रहा है। इस संबंध में सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य बिंदु निम्नलिखित रहे:
​यथावत रहे बस स्टैंड: देवली बस स्टैंड को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रखा जाए।
​सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था: बस स्टैंड पर सुरक्षा और व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस चौकी स्थापित की जाए या नियमित पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं।
​निशुल्क शौचालय: बस स्टैंड परिसर में स्थित सुलभ शौचालय को सुव्यवस्थित कर जनता के लिए निशुल्क सुविधा प्रदान की जाए।
​बजट घोषणा का क्रियान्वयन: मुख्यमंत्री बजट घोषणा में देवली बस स्टैंड के लिए स्वीकृत 2 करोड़ की राशि से वर्तमान बस स्टैंड को ही सुव्यवस्थित एवं सौंदर्यकरण के कार्यों में लगाया जाए।

​गाइडलाइन जारी हो: ठेले वाले, ई-रिक्शा, प्राइवेट बस, लोक परिवहन, राजस्थान रोडवेज और व्यापारियों के लिए प्रशासन द्वारा एक स्पष्ट गाइडलाइन जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बसों में चढ़कर सामान बेचने वाले ठेले वालों और व्यापारियों को पाबन्द किया जाए।
​रोडवेज भूमि आवंटन निरस्त हो: राजस्थान रोडवेज के बूंदी डिपो द्वारा राजस्थान सरकार से मांगी गई जमीन के लेटर को निरस्त कराया जाए।
​विधायक ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
​व्यापारियों की इन गंभीर समस्याओं को सुनने के बाद स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया और संबंधित अधिकारियों को उक्त समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। विधायक ने यह भी भरोसा दिलाया कि देवली शहर की हर समस्या के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर हैं। यह जानकारी व्यापार महासंघ के प्रवक्ता अमित गौतम द्वारा दी गई है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से रतन मंगल, सीताराम गर्ग, विनोद खूटेटा, राजीव भारद्वाज, मुकेश गोयल, चंद्रभान गोयल, आशीष पंचोली, प्रशांत उपाध्याय, दिनेश जैन, प्रमोद मंगल, मुकेश मित्तल, देवेंद्र दीपक, सुनील सिंघल, राकेश ओसवाल, जितेन्द्र हावा, राजन नामा, सर्वजीत सिंह, रमेश गोयल, प्रमोद मंगल एवं बस स्टैंड थैला एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदयाल साहू,सुनील ग्वाला (सोनू ) सांवरिया ग्वाला, काले ग्वाला, शम्भू सोनी, घासी ग्वाला, गप्पू तेली और मुवारिक अली सहित कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *