देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कृषि महाविद्यालय,देवली के सस्य विज्ञान विभाग द्वारा “खरीफ खरपतवारों की पहचान एवं नियंत्रण” विषय पर एक व्यावहारिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का संचालन सस्य विज्ञान प्रभारी राजू लाल धाकड़ के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों को महाविद्यालय के प्रायोगिक कृषि फार्म (Field) में ले जाकर खरीफ मौसम के प्रमुख खरपतवारों की प्रत्यक्ष पहचान कराई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न खरपतवारों के वानस्पतिक लक्षण, वैज्ञानिक नाम, फसलों पर उनके दुष्प्रभाव तथा समय पर नियंत्रण के वैज्ञानिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। राजू लाल धाकड़ ने खेत में उपस्थित खरपतवारों को दिखाते हुए सांस्कृतिक, यांत्रिक एवं रासायनिक खरपतवार नियंत्रण विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया तथा समेकित खरपतवार प्रबंधन (Integrated Weed Management) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि खरपतवारों की समय पर पहचान एवं वैज्ञानिक नियंत्रण अपनाकर फसल उत्पादन एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेत में विभिन्न खरपतवारों की पहचान एवं नियंत्रण तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता एवं कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास हुआ।







