* अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की दी गई जानकारी, मुंशी प्रेमचंद जयंती पर हुई क्विज़ व चित्र प्रदर्शनी।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राजकीय महाविद्यालय, देवली में प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा के निर्देशन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि राजेश शर्मा एवं अजय नापित ने शिरकत की। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को ‘अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अजय नापित ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक पात्रता और इससे मिलने वाले लाभों से अवगत कराया ताकि छात्राएँ इसका लाभ उठा सकें। छात्रवृत्ति से संबंधित अधिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट (http://azimpremjifoundation.org) पर प्राप्त की जा सकती है।
इसी कड़ी में, महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती (31 जुलाई) के उपलक्ष्य में द्वितीय सत्र का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक विशेष क्विज़ (प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता) तथा चित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। चित्र प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्रेमचंद के जीवन, उनकी अमर कृतियों एवं संवैधानिक मूल्यों को रेखाचित्रों के माध्यम से जीवंत किया। वहीं, क्विज़ प्रतियोगिता के जरिए छात्र-छात्राओं ने प्रेमचंद के साहित्य और उनके दौर के इतिहास से जुड़े सवालों के उत्साहपूर्वक जवाब दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा, डॉ. निशा मीणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, निकिता वर्मा, दिनेश कुमार मीणा सहित कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा ने विद्यार्थियों को मुंशी प्रेमचंद के आदर्शों पर चलने और शिक्षा के क्षेत्र में मिलने वाली स्कॉलरशिप योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।






