देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति, देवली की ओर से आज गाडोली गांव से देवली स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर के लिए पहली बार निकली पदयात्रा का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।
गाडोली से बड़ी संख्या में श्रद्धालु “जय श्री सांवलिया सेठ” के जयकारे लगाते हुए पदयात्रा के रूप में देवली पहुंचे और श्री सांवलिया सेठ जी को प्रथम ध्वज अर्पण किया। प्रथम पदयात्रा के देवली पहुंचने पर श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा एवं आत्मीय स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का अमरवासी ऊंचा तथा जहाजपुर चुंगी नाका पर भी समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। समिति के सचिव केपी सिंह नरूका ने बताया कि गाडोली से देवली के लिए पहली बार आयोजित यह पदयात्रा भगवान श्री सांवलिया सेठ के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और भक्ति का प्रतीक है। पदयात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में जयकारों और भक्ति भाव से वातावरण भक्तिमय बना रहा। समिति ने कहा कि श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण एवं विकास का कार्य केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था और सामूहिक सहयोग से जुड़ा धार्मिक संकल्प है। आने वाले समय में भी आसपास के गांवों एवं क्षेत्रों से निकलने वाली पदयात्राओं का देवली में श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा। श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति, देवली ने गाडोली से पदयात्रा में शामिल होकर देवली पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री सांवलिया सेठ सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और मंदिर निर्माण का यह पावन कार्य शीघ्र पूर्ण हो।






