देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर व क्षेत्र के लोगों के लिए देवली से खाटू श्यामजी बस सेवा का संचालन बूंदी डिपो की ओर से गुरुवार को किया गया। इस बस सेवा के शुभारंभ पर बस के चालक और परिचालक का स्वागत किया गया। रोडवेज बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि चालक और परिचालक को माला पहनाकर, साफा ओढ़ाकर और दुपट्टा उड़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नई बस सेवा की शुरुआत पर ढोल- के साथ खुशियाँ मनाई गईं। बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि इस बस के शुरू होने से देवली शहर और आसपास के यात्रियों को अब खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। इस सेवा के प्रति लोगों में उत्साह है और स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए बूंदी आगार घनश्याम गौड़ और रोडवेज निगम का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर अनिल कुमार शर्मा, यज्ञेश दाधीच,अशोक माहेष्वरी,पवन कुमार जैन,सत्यनारायण विजय, दीपक गर्ग, नेमीचंद, रविंद्र बंसल, राहुल, प्रमोद मंगल और विनोद मंगल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस बस सेवा में पुरुष यात्रियों का किराया 280 रुपए, जबकि महिला यात्रियों के लिए रियायती किराया मात्र 150 रुपए निर्धारित किया गया है।
संशोधित बस यात्रा रूट और समय-सारिणी:-
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बूंदी आगार द्वारा जारी नए कार्यालय आदेश के अनुसार, कोटा–जयपुर मार्ग पर संचालित बस संख्या बी-41 का समय चक्र संशोधित कर दिया गया है। बस सुबह 8:30 बजे बूंदी से कोटा के लिए रवाना होगी। इसके पश्चात कोटा से 9:50 बजे प्रस्थान कर 10:45 बजे बूंदी, 11:55 बजे देवली, 1:15 बजे टोंक, 3:30 बजे जयपुर और अंत में शाम 6 बजे खाटू श्याम जी पहुंचेगी। इसी तरह बस रात्रि 8 बजे खाटू श्याम जी से रवाना होगी, जो 10:30 बजे जयपुर, 1:15 बजे टोंक, 2:45 बजे देवली, 3:50 बजे बूंदी होते हुए सुबह 5 बजे कोटा पहुंचेगी। यात्रियों द्वारा बूंदी डिपो के मुख्य प्रबंधक घनश्याम गौड़ का आभार व्यक्त किया गया।





