देवली/दूनी:-(बृजेश भारद्वाज)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जलसीना द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य रामकिशन विजय ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसके सम्मान को सर्वोपरि रखे। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को 15 अगस्त को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक प्रकाश मेहरा, संजय गौतम, प्रदीप कुमार बिड़ला, प्रवीण कुमार मीणा, अंजू शर्मा, मुन्नी बड़गुर्जर, रमेश चंद्र वर्मा, रवि साहू, प्रभुलाल, जयनारायण, बाबूलाल रेगर, मनीष चावला, भागचंद, आशीष सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






