देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। ब्लेयर क्रिकेट एकेडमी, देवली से एक बार फिर युवा क्रिकेटर अक्ष चतुर्वेदी का अंडर-19 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन हुआ है। ब्लेयर क्रिकेट एकेडमी के कोच मंसूर अली खान ने इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि एकेडमी को खुले हुए अभी 2 साल भी नहीं हुए हैं और यहाँ 2 वर्ष के अन्दर ये चौथे प्लेयर हैं, जिनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हुआ है। इससे पहले, दर्शिल भारद्वाज (अंडर-23), उमेश मीणा (अंडर-16) एवं अंकित भगत (अंडर-14) में पहले ही राज्य स्तर पर खेल चुके हैं। अभी इस साल अंडर-16, 23 एवं 14 आयु वर्ग के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना बाकी है, जो सितम्बर एवं अक्तूबर माह में होंगे। मंसूर अली खान ने बताया कि इन आयु वर्ग में भी 4-5 खिलाड़ियों का चयन होने की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने देवली में प्रतिभा होने की बात भी कही। टोंक की एकेडमी के कोच श्री इम्तियाज़ अली खान ने भी इस पर हर्ष जताया और कहा कि देवली में प्रतिभा है, इसलिए यहाँ हमने एकेडमी की ब्रांच खोली। अक्ष चतुर्वेदी के परिवार में भी खुशी की लहर है और परिवार के लोगों और एकॅडमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी खुशी ज़ाहिर की।






