सीआईएसएफ बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनों का मनमोहक प्रस्तुतीकरण।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, देवली में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नरेंद्र देव आनंद, उप महानिरीक्षक, आरटीसी देवली ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि ने जवानों एवं प्रशिक्षणार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करने और देश की सेवा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का दिन है। इस अवसर पर आरटीसी देवली के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, बल सदस्यों एवं प्रशिक्षणार्थियों द्वारा राष्ट्रीय सलूट, युद्ध कौशल प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हुआ। इसी क्रम में शाम को आरटीसी देवली के वार मेमोरियल पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सीआईएसएफ बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनों का मनमोहक प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर देवली की SDM, ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट एवं देवली के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *