* शिक्षक संघ सदस्य 19 दिसंबर को सालासर में भरेंगे हुंकार।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) शाखा देवली की एक महत्वपूर्ण बैठक तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। तहसील मंत्री कैलाश शर्मा ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 19 दिसंबर को सालासर बालाजी में होने वाले राज्य स्तरीय शिक्षक अधिवेशन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना था। बैठक में सभी शिक्षक सदस्यों से सालासर अधिवेशन में पहुंचने की अपील की गई। साथ ही देवली की कार्यकारिणी सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक शिक्षकों को प्रेरित कर सालासर पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
शिक्षक संघ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक संकल्प लिया कि 19 दिसंबर को सालासर में ऐसा हुंकार भरा जाएगा जो राजस्थान सरकार को शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने को विवश कर दे। यह अधिवेशन प्रदेश के शिक्षकों को नई ऊर्जा और हौसले से भर देगा। हर सदस्य की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि टीम वर्क के साथ व्यक्तिगत प्रयासों में कोई कोर-कसर न छोड़ें, ताकि सालासर का यह सम्मेलन ऐतिहासिक बन सके। बैठक में तहसील मंत्री सहित पप्पू लाल वर्मा, सत्य प्रकाश माहेश्वरी, बलबीर मीणा, शाहरुख खान समेत कई उत्साही शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने अधिवेशन को सफल बनाने का पूर्ण संकल्प व्यक्त किया।


