देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शुक्रवार को देवली के समस्त ग्वाला समाज द्वारा उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंप कर नगरपालिका देवली के द्वारा न्यायालय स्थगन के आदेश की अवहेलना करते हुए आराजी खसरा नम्बर 4075 तनग्राम देवलीगांव में जबरन ग्रेवल रोड़ बनाने पर आमादा होने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि प्रार्थीगण की खातेदारी की भूमि खसरा नम्बर 4075 वाके तनग्राम देवलीगांव पटवार हल्का देवली तहसील देवली जिला टोंक राजस्थान में स्थित है। उक्त भूमि खसरा नम्बर 4075 पर न्यायालय उपखण्ड अधिकारी देवली के यहां स्थगन आदेश जारी हो रखा है। स्थगन का अंकन चालू जमाबंदी में दर्ज है। इसके बावजूद भी नगरपालिका देवली के द्वारा बार-बार प्रार्थी की उक्त भूमि पर जबरन रोड़ बनाने पर आमादा है। प्रार्थीगण की भूमि के अड़वा ही खसरा नम्बर 4106 है जिस पर सीआईएसएफ ने पक्की दीवार का निर्माण कर रखा है। उसके अड़वा प्रार्थीगण की उक्त भूमि है। नगरपालिका देवली द्वारा खसरा नम्बर 4106 की आड़ में प्रार्थी की भूमि खसरा नम्बर 4075 पर जबरन रोड़ बनाने पर आमादा है।
खसरा नम्बर 4106 का सम्पूर्ण रकबा रोड़ बना हुआ है जिस पर सीआईएसएफ देवली के द्वारा कब्जा कर रखा है। जिस पर चार दीवारी हो रखी है। न्यायालय उपखण्ड अधिकारी देवली के यहां स्थगन होने के बावजूद नगरपालिका उक्त खसरा नम्बर 4075 पर रोड़ बनाने हेतु निविदा जारी कर दी है। पूर्व में भी नगरपालिका देवली के द्वारा प्रार्थीगण की भूमि को खसरा नम्बर 4073 बताकर जबरन सामुदायिक भवन का निर्माण कर दिया जिस पर राजस्थान राजस्व मण्डल अजमेर से स्थगन आदेश है। अतः उक्त प्रकरण में ज्ञापन सौंपकर नगरपालिका देवली को उक्त भूमि खसरा नम्बर 4075 की मौके स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं करने एवं स्थगन की पूर्ण पालना हेतु पाबंद फरमाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालो में मंगल ग्वाला, लोकेश ग्वाला, आशीष पंचोली ,कमल जैन,अंकित डाबर,सुनील ग्वाला, अनिल ग्वाला, सूरज ग्वाला,मनोज ग्वाला, बहादुर ग्वाला, लाली देवी, चंद्रकला, कलावती देवी, अनिल (भानु ग्वाला), गोविंद बैरवा, नरेंद्र सिंह, रवि ग्वाला व हरिराम ग्वाला समेत कई लोग मौजूद रहे।


