देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। भीलवाड़ा जिले का जहाजपुर कस्बा अब से यज्ञपुर के नाम से जाना जाएगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को बजट बहस के जवाब के दौरान विधानसभा में यह घोषणा की है। साथ ही भीलवाड़ा में अगले साल 20 टाउन प्लानिंग योजनाएं लाए जाने का ऐलान किया गया। जहाजपुर भीलवाड़ा का ऐतिहासिक क़स्बा है, जिसे अब यज्ञपुर (यज्ञ का स्थान) के नाम से भी जाना जाएगा। मान्यता है कि यहां महाभारत काल में राजा जनमेजय ने नागयज्ञ किया था। मौर्य सम्राट सम्प्रति की ओर से निर्मित यह दुर्ग मेवाड़ और हाड़ौती की सीमा का प्रहरी रहा है, जिसे राणा कुंभा ने पुननिर्मित करवाया था। ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए, क्षेत्र के विधायक गोपीचंद मीणा ने विधानसभा में जहाजपुर का नाम बदलकर ‘यज्ञपुर’ करने की मांग की थी। यह क्षेत्र अपनी प्राचीन संस्कृति, खनिज संपदा और मेवाड़ी विरासत के लिए जाना जाता है।



