गैस की नहीं है कोई कमी… सिर्फ ई-केवाईसी ही कराएं अपडेट, एजेंसी के मैनेजर ने अफवाहों पर लगाया लगाम।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में युद्ध जैसी स्थिति बनने के कारण कई जरूरी चीजों की सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। इसी क्रम में रसोई गैस की सप्लाई को लेकर भी कई जगहों पर लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया है हालांकि गैस एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. क्योंकि गैस की आपूर्ति पूरी तरह से जारी है और स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। देवली में मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एजेंसी के मालिक पंकज शर्मा व नीरज शर्मा ने बताया कि इन दिनों कई लोग बिना जरूरत के गैस सिलेंडर की बुकिंग कर रहे हैं या फिर घर में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस वजह से गैस की बुकिंग अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गई है। लगातार भारी संख्या में बुकिंग होने के कारण कई बार सर्वर भी धीमा हो जाता है या कुछ समय के लिए डाउन हो जाता है, जिससे लोगों को लगता है कि गैस की कमी हो गई है। लेकिन गैस की कोई कमी नही है।
उन्होंने साफ कहा कि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है। पहले जहां गैस की डिलीवरी एक दिन में हो जाती थी वहीं, अभी ज्यादा बुकिंग होने के कारण डिलीवरी में 2-3 दिन का समय लग सकता है, लेकिन हर उपभोक्ता को गैस जरूर मिलेगी। एजेंसी मालिको ने लोगों से अपील किया कि बिना जरूरत के गैस बुकिंग करने या सिलेंडर जमा करने की आदत से बचें। जब सच में गैस खत्म हो जाए तभी बुकिंग करें। ऐसा करने से सिस्टम पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंच सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सभी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) अपडेट कराना बेहद जरूरी है. ई-केवाईसी अपडेट होने से गैस की कालाबाजारी पर रोक लगेगी और यह सुनिश्चित होगा कि सही व्यक्ति को ही सही समय पर गैस सिलेंडर मिले। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को अपना डीएसई नंबर भी उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि रिकॉर्ड सही रहे और डिलीवरी में किसी तरह की समस्या न हो। अंत में उन्होंने लोगों से अपील किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। गैस की सप्लाई पूरी तरह से जारी है और कुछ ही दिनों में डिलीवरी की प्रक्रिया फिर से पहले की तरह सामान्य हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *