देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। क्षेत्र में पड़ रही भीषण और झुलसा देने वाली गर्मी के बीच किसानों और व्यापारियों के लिए राहत की खबर आई है। देवली की नवीन कृषि उपज मंडी में पानी की भारी किल्लत को देखते हुए भामाशाह बृजमोहन पदम कुमार जैन (आरतियां) द्वारा एक नए हैंडपंप का निर्माण करवाया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मंडी में आने वाले किसानों और पल्लेदारों को पीने के स्वच्छ पानी के साथ-साथ अन्य कार्यों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। भामाशाह बृजमोहन जैन सर्राफ ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से मंडी परिसर में पानी की भारी समस्या बनी हुई थी, जिसे देखते हुए इस हैंडपंप का निर्माण करवाया गया। कृषि मंडी अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन डाबर ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए बताया कि हैंडपंप में पानी का स्तर काफी अच्छा है, जो आगामी दिनों में मंडी की व्यवस्थाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंडी के एडिशनल सेक्रेटरी ज्ञान प्रकाश , मंडी व्यवसायी ऋषभ जैन,बंटी जैन, मंत्री उत्तम जैन और कोषाध्यक्ष अशोक जैन सहित कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पल्लेदार अध्यक्ष ने भी मंडी की अन्य मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंडी में सुलभ कॉम्प्लेक्स और पर्याप्त छाया (शेड) की कमी है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि हैंडपंप की सुविधा शुरू होने से अब कम से कम पानी की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। यह प्रयास मंडी के विकास और वहां काम करने वाले लोगों की सुविधा की दृष्टि से एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।




