पूर्व में आवंटित भूमि पर ही बने 35 करोड़ का उप जिला चिकित्सालय, सैकड़ो लोगों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार।

देवली एसडीएम को दिया ज्ञापन…

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 35 करोड़ रुपए की लागत के नवीन राजकीय उप जिला चिकित्सालय के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने और पूर्व में आवंटित भूमि पर ही अस्पताल बनाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र के सैकड़ो लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में लोगों ने कहा कि अस्पताल के लिए पहले से जयपुर रोड स्थित म्हारो राजस्थान रिसोर्ट मार्ग के पास लगभग 10 बीघा भूमि आवंटित की जा चुकी है। यह स्थान तकनीकी रूप से उपयुक्त होने के साथ पर्याप्त क्षेत्रफल वाला है, जिससे भविष्य में अस्पताल के विस्तार की भी पूरी संभावना बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस स्थान तक शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों की सुगम पहुंच है तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों का आवागमन भी आसानी से हो सकेगा। लोगों का कहना है कि राज्य के कई शहरों में जिला एवं उप जिला चिकित्सालय मुख्य आबादी से कुछ दूरी पर स्थित हैं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़े भूखंड की आवश्यकता होती है। ऐसे में पूर्व में चयनित स्थल ही अस्पताल निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित विभागों और विशेषज्ञों द्वारा इस भूमि को तकनीकी दृष्टि से उपयुक्त माना जा चुका है। यदि अब निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब हुआ तो क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना प्रभावित हो सकती है। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में आवंटित भूमि पर ही अस्पताल निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए, ताकि देवली एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि शहर के कुछ लोग आमजन को अस्पताल की जगह को लेकर भ्रमित कर रहे हैं। जबकि पहले का अस्पताल देवली में ही रहेगा। इस दौरान उपखंड अधिकारी कार्यालय और महावीर उद्यान में भी वक्ताओं ने संबोधित किया। ज्ञापन सौंपने वालों में निवर्तमान पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, पूर्व आईएएस शिवजी राम प्रतिहार, मनोज शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जैन,राजकुमार मीणा,मुकेश साहू,अजय मेवाड़ा,देवली गांव पूर्व सरपंच राजबहादुर सिंह व अखिल कुरेशी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *