राहुल वर्मा की मौत का मामला: सर्वसमाज ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग।

करंट लगने से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, नगरपालिका और विद्युत विभाग की लापरवाही पर भड़का जनाक्रोश।

 

​देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। ​टोंक जिले के मालपुरा में नगरपालिका और विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के कारण करंट फैलने से एक 27 वर्षीय शिक्षित युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। इस घटना से गुस्साए स्थानीय निवासियों और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों ने जिला कलेक्टर के नाम (एसडीएम देवली के माध्यम से) ज्ञापन सौंपकर न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है।

*​बारिश के पानी में फैले करंट ने ली जान….

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रैगरों का मोहल्ला (पला, मालपुरा) निवासी राहुल वर्मा (27 वर्ष) पुत्र रामसहाय वर्मा, 28 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान महावीर मार्ग पर नगरपालिका और बिजली विभाग की लापरवाही से सड़क पर जमा बारिश के पानी में बिजली के खंभे से करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।

*​परिवार का इकलौता सहारा था राहुल…

​मृतक राहुल वर्मा नर्सिंग का पढ़ा-लिखा होनहार युवा था और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। वह अपने बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा तथा अपने छोटे-छोटे बच्चों का भविष्य निर्माता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा का गहरा संकट खड़ा हो गया है।

​गैर-इरादतन हत्या का आरोप, स्थानीय लोगों में भारी रोष….

देवली गांव के पूर्व सरपंच राजबहादुर ने बताया कि ​ज्ञापन में आरोप लगाया गया है यदि संबंधित विभागों के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का सही समय पर निर्वहन करते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि यह सीधी लापरवाही गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में आती है। घटना के बाद से ही संपूर्ण मालपुरा क्षेत्र के नागरिकों और अधिकारियों के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।

सर्वसमाज की प्रमुख मांगें……

*​दोषियों पर सख्त कार्रवाई: हादसे या लापरवाही में शामिल सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का आपराधिक मामला दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें अविलंब सेवा से निलंबित किया जाए।

​50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा: पीड़ित परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की बेहतर शिक्षा और बुजुर्ग माता-पिता की देखरेख के लिए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

*​सरकारी नौकरी व कल्याणकारी योजनाएं:

मृतक के आश्रितों में से किसी एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा परिवार को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। ​ज्ञापन सौंपते समय देवली सर्वसमाज के कई प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से इन मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *