श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति द्वारा पदयात्रियों के लिए भोजन एवं विश्राम की स्थायी सेवा का शुभारंभ।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति, देवली द्वारा श्री सांवलिया सेठ धाम, मंडफिया की पदयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा हेतु एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। समिति के तत्वावधान में देवली होकर मंडफिया जाने वाली पदयात्राओं के लिए विश्राम, भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था प्रारंभ की गई है। शुक्रवार को संदेडा फॉर्म से श्री सांवलिया सेठ धाम, मंडफिया के लिए निकली पदयात्रा देवली पहुंची, जहाँ श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति द्वारा पदयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। समिति के सचिव केपी सिंह नरूका ने बताया कि समिति की ओर से यात्रियों के विश्राम एवं भोजन प्रसादी की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। भोजन प्रसादी में श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक मालपुआ,खीर, दाल एवं पूड़ी परोसी गई।पदयात्रियों ने समिति द्वारा की गई सेवा, व्यवस्थाओं एवं आतिथ्य की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि भविष्य में श्री सांवलिया सेठ धाम, मंडफिया जाने वाली प्रत्येक पदयात्रा, जो देवली होकर गुजरेगी, उसके विश्राम, भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति, देवली द्वारा निःशुल्क की जाएगी। समिति का उद्देश्य केवल यात्रियों की सेवा करना ही नहीं, बल्कि ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना को साकार करते हुए श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आत्मीय सहयोग एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। समिति ने सभी पदयात्रा दलों से आग्रह किया है कि देवली आगमन की पूर्व सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि उनके विश्राम, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से की जा सकें। श्री सांवलिया सेठ मंदिर निर्माण समिति, देवली ने सभी श्रद्धालुओं से इस सेवा कार्य में सहयोग एवं सहभागिता का भी आह्वान किया है।






