विद्या भारती कार्यालय टोंक के पदाधिकारियों ने किया विद्यालय का निरीक्षण।
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शनिवार को विद्या भारती द्वारा संचालित उच्च माध्यमिक बालिका आदर्श विद्या मंदिर, पटेल नगर, देवली का विद्या भारती कार्यालय, टोंक के पदाधिकारियों द्वारा अवलोकन एवं निरीक्षण किया गया।निरीक्षण दल में जिला सचिव दिनेश कुमार शर्मा, संकुल प्रमुख गोपाल लाल गुर्जर, संस्कार केंद्र प्रमुख राजेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था, विषयवार शैक्षणिक स्तर, शिक्षण कार्यों की गुणवत्ता तथा कार्यालय संबंधी कार्यों का अवलोकन किया गया। पदाधिकारियों ने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता एवं स्वच्छता के स्तर में और अधिक सुधार करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रदान किए।
निरीक्षण के उपरांत विद्यालय परिसर में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनुराधा शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सुझावों के अनुरूप विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर सुधार किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय समिति की व्यवस्थापक कमलेश मूंदड़ा, अध्यक्ष अनीता पारीक एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार दाधीच उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार एवं विद्यालय समिति द्वारा निरीक्षण एवं अवलोकन कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थागत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना रहा।









