गरबा महोत्सव का आगाज, मातारानी के दरबार में लगा भक्तों का मेला।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। शहर के मुख्य बाजार के छतरी चौराहा पर हर वर्ष की भांति नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। नगर पालिका के वार्ड पार्षद सुनीता मिश्रा ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर महोत्सव की शुरुआत की। इस दौरान आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यों ने पार्षद सुनीता का माला पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर और साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम व्यवस्थापक गौरव पाराशर ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य नवरात्र के अवसर पर शहरवासियों को धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामूहिक उत्सव की परंपरा से जोड़ना है। महोत्सव के शुभारंभ पर बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही फेंसी ड्रेस की प्रतियोगिता हुई। नगर पालिका की पार्षद सुनीता ने बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में काना शर्मा, यश मेडतवाल, अमन साहू, कमल साहू, दीपक प्रजापत, तुशाल धर्मानी व्यवस्था संभाल रहे थे। महोत्सव में शहर के सैकड़ों बच्चों, युवक-युवतियों और महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों,डांडिया की खनक और माता रानी के जयकारों से पंडाल गूंज उठा। दर्शकों की भीड़ से पंडाल खचाखच भर गया। नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। नौ दिवसीय आयोजन आगामी दिनों में भी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *