देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। महाविद्यालय सामाजिक दायित्व के अंतर्गत वेटरनरी महाविद्यालय, आर. आर.(देवली) द्वारा अंगीकृत ग्राम दुर्गापुरा में पशुचिकित्सा विस्तार विभाग व पशुचिकित्सा संकुल विभाग के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क पशुचिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन महाविद्यालय अधिष्ठाता, प्रो. डॉ. आर.एस. राठौर व निदेशिका नीलू अग्रवाल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। शिविर का नेतृत्व पशुचिकित्सा संकुल प्रभारी डॉ. भार्गव व पशु चिकित्सा विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राहुल चौरसिया द्वारा किया गया। शिविर के दौरान कुल 35 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया जिनमें 2 भैंसें, 7 गायें, 3 बछड़े एवं 23 बकरी शामिल थीं। शिविर के अंतर्गत पशुओं में परजीवी जनित रोगों की रोकथाम हेतु कृमिनाशक दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर में महाविद्यालय के पशु चिकित्सा विस्तार विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सौरभ शर्मा व डॉ. चेतन मीणा ने वर्तमान में पशुचिकित्सा विभाग में चल रही महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओ जैसे मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, राजस्थान पशुधन निःशुल्क आरोग्य योजना, पशुधन नि:शुल्क टीकाकरण योजना, पशु नस्ल सुधार योजना, सेक्स सॉर्टेड सीमन योजना इत्यादि योजनाओ के बारे में विस्तार से बताया। शिविर में जो पशुपालक अपने रोगी पशुओं को शिविर स्थल तक नहीं ला सके उनके लिए महाविद्यालय की चिकित्सा टीम द्वारा घर-घर जाकर उपचार सेवाएं प्रदान की गईं।
साथ ही पशुपालकों को पशु रोगों की रोकथाम,संतुलित पोषण तथा समुचित देखभाल से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. सांय श्री, डॉ. तानिया, डॉ. शिवानी, डॉ. हसन व पशुधन सहायक राजेश, रामदेव तथा चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सेवाएं प्रदान कीं।


