देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) कासीर दुर्गा लाल सोयल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोयड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के समस्त अधिगम संसाधनों, शिक्षण व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की गहन जांच की तथा आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित शिक्षकों को विस्तृत निर्देश दिए। शिक्षक शिशुपाल चौधरी ने बताया कि निरीक्षण के समय पीईईओ सोयल ने कक्षाओं का दौरा किया, बच्चों से बातचीत की तथा उनकी पढ़ाई की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर की स्वच्छता, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता एवं बच्चों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया। साथ ही, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सुझाव दिए।
इस अवसर पर उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि 20 फरवरी से कक्षा पांचवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। पीईईओ सोयल ने बच्चों को विशेष तैयारी करने, नियमित अध्ययन करने तथा परीक्षा में पूरे मनोयोग से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे बच्चों की कमजोरियों को दूर करने हेतु अतिरिक्त कक्षाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान करें ताकि सभी विद्यार्थी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हो सकें। साथ ही विद्यालय में स्थित आंगनबाड़ी गतिविधियों का भी अवलोकन कर कार्यकर्ता को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्रधानाध्यापक शंकर लाल मीणा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्पना मीणा आदि उपस्थित थे।


