चिकित्सा विभाग ने जारी किए आदेश, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं…..
देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। उपखंड क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने देवली उप जिला चिकित्सालय के नए भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग ने 21 अप्रैल को इस संबंध में आदेश जारी किए। संयुक्त शासन सचिव निशा मीना द्वारा जारी आदेश के अनुसार यहां उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण कार्य हेतु 35 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि राज्य निधि के बजट मद ‘वृहद निर्माण कार्य’ में उपलब्ध प्रावधान से खर्च की जाएगी। उक्त स्वीकृति वित्त (व्यय-1) विभाग की सहमति के बाद जारी की गई है।
–हजारों मरीजों को मिलेगी राहत–
वर्तमान में उप जिला अस्पताल पुराने भवन और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। नया भवन बनने से शहर सहित पूरे उपखंड और आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। अत्याधुनिक भवन में मरीजों के लिए बेड क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे भर्ती में होने वाली परेशानी खत्म होगी।
–विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी आसान–
नए भवन में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और जांच संबंधी अत्याधुनिक मशीनें लगाना आसान होगा। गंभीर मरीजों को अब जयपुर या टोंक रेफर करने की जरूरत कम पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। स्वीकृति जारी होने पर क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने राज्य सरकार का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि नए अस्पताल भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। 35 करोड़ की यह सौगात देवली क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल देगी।
–टेंडर होते ही शुरू होगा नवनिर्माण-उपजिला अस्पताल के लिए 35 करोड़ की राशि स्वीकृत हो गई है।जल्द टेंडर प्रक्रिया बाद नए अस्पताल भवन का निर्माण शुरू होगा।
डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टोंक।
—
नए अस्पताल से क्या बदलेगा
-35 करोड़ का भवन:अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया अस्पताल बनेगा
– बेड क्षमता में इजाफा:मरीजों को भर्ती के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार
-विशेषज्ञ सेवाएं: फिजिशियन, सर्जन, गायनिक समेत विशेषज्ञ डॉक्टर मिलेंगे
-आधुनिक जांच सुविधा: सोनोग्राफी, एक्स-रे, लैब जैसी सुविधाएं एक छत के नीचे
-ग्रामीणों को फायदा: देवली उपखंड एवं आस पास क्षेत्र के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ।





