राजकीय उप जिला चिकित्सालय व बस स्टैंड यथावत रखने के लिए कटिबद्ध शहरवासी।

देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। रविवार रात स्थानीय गांधी पार्क में व्यापारियों, आमजन की बैठक आयोजित हुई। जिसमे उप जिला अस्पताल और रोडवेज बस स्टैंड को वर्तमान स्थानों से हटाकर अन्यत्र ले जाने की सुकफूकाहट का लोगो मे भारी विरोध देखने को मिला। लोगो का मानना है कि पूर्व कृषि मंडी के शहर से बाहर चले जाने के कारण व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो चुका है वहीं अब बस स्टैंड व राजकीय उप जिला चिकित्सालय को भी अगर शहर से दूरस्थ स्थापित कर दिया गया तो व्यापारियों का जीते-जी मरण हो जाएगा। बैठक के दौरान कथित तौर पर उक्त स्थानों के लिए प्रस्तावित बजट को मौजूदा स्थानों पर ही खर्च करने की बात की गई है। टोंक में लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र गुर्जर से मुलाकात कर उक्त समस्या से अवगत कराया था। वहां गए लोगों के अनुसार इस पर विधायक ने जनता की भावनाओं के अनुरूप समर्थन देने का आश्वासन दिया है। इस पूरे प्रकरण के विरोध में और अपनी मांगों को मजबूती से रखने के लिए 2 जून को शहर में बड़ा प्रदर्शन किये जाने की भी चर्चाएं है। इसके लिए शहर में बंद हेतु माइक से ऐलान भी लगाया जा रहा है। बैठक में हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे लोग पुरानी धान मंडी परिसर में एकत्रित होंगे। यहाँ से विरोध प्रदर्शन करते हुए लोग अंबेडकर सर्कल, ममता सर्किल, छतरी चौराहा और पुलिस थाना होते हुए रोडवेज बस स्टैंड भीतर तक जाएंगे। सभी प्रदर्शनकारी एसडीओं कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।