देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। हनुमान नगर क्षेत्र की ज्योति कॉलोनी के निवासी पिछले कई समय से गंभीर बिजली कटौती और जर्जर व्यवस्था से जूझ रहे हैं। इस समस्या के विरोध में सोमवार रात को उन्होंने मोरला ग्रिड पर धरना दिया। कॉलोनी में स्थिति यह है कि 24 घंटों में मात्र कुछ घंटे ही बिजली मिल पाती है। इसके अलावा 11 केवी के बिजली के तार टूटने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं, जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
*बिजली गुल होने पर रात में ग्रिड पहुंचे…
सोमवार रात भी अचानक तेज स्पार्किंग हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बार-बार की इस समस्या और प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर लोग रात 10 बजे मोरला ग्रिड पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि संकट के समय ग्रिड पर केवल एक चौकीदार ही मौजूद था। निवासियों ने जेईएन और एईएन सहित अन्य उच्च अधिकारियों को फोन किए, लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। देर रात करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति किसी तरह सुचारू की गई, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। इस दौरान मानसिंह मीणा, महावीर सेन, विनोद सेन, संत मीना, गोविंद प्रजापत, जीतू प्रजापत, नाथूलाल साहू, कैलाश साहू, राहुल साहू, मनोज मीणा, रामस्वरूप देतवाल, अनुपम जैन, पवन जैन, बसंती लाल, कैलाश सैन, रूद्र राणावत, शिवांश पाराशर और अक्ष सुवालका सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।





