देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। बुधवार को उपखंड क्षेत्र के राजकोट पंचायत के सुजानपुरा ग्राम के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन बीसलपुर परियोजना के अंतर्गत पानी की आपूर्ति नहीं होने के संबंध में उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सोपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि विभाग द्वारा डाली गई पाइपलाइन से अब तक 5 वर्ष बीत जाने के पश्चात भी एक बूंद पानी नहीं आया है। ग्राम वासियों द्वारा उक्त समस्या को लेकर पिछले 3 वर्ष से विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है किंतु इस मामले में अब तक किसी प्रकार की कोई सुनवाई नहीं हुई है।
जबकि अधिकारियों का कहना है कि गांव में सप्लाई सुचारू रूप से चालू है। वही ग्रामीण कह रहे हैं कि अब तक एक बूंद भी पानी नहीं आया है। ग्रामीणों का ये भी कहना है की पहाड़ी इलाका होने के कारण हैंड पंप व कुओं में भी पीने लायक पानी नहीं है। गांव में पीने के मीठे पानी का संकट गहरा रहा है। अतः ग्राम वासियों ने ग्राम के लिए अलग से मोटी पाइपलाइन डलवा कर सप्लाई शुरू करवाने व नई पानी की टंकी बनवाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जयेंद्र मीणा, दिलखुश मीणा, पपीता, कन्या ,इंद्र सिंह मीणा, गुड्डी, हनुमान, गिरिराज समेत दर्जनों ग्रामीण व महिलाएं मौजूद थी।

