देवली:-(बृजेश भारद्वाज)। विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जो देवली का एकमात्र बालिका विद्यालय है, में नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। सत्रारंभ के अवसर पर विद्यालय की स्थानीय प्रबंध समिति द्वारा सभी बच्चों को उपहार भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और आनंद देखने को मिला। इस अवसर पर शिशु वाटिका में छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं मनोरंजन हेतु स्थापित खिलौना कक्ष का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। यह पहल नन्हे बच्चों के सीखने, खेलने और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यालय व्यवस्थापिका कमलेश मूंदड़ा ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके संस्कार निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
अध्यक्ष अनीता पारीक ने बच्चों को विद्यालय, शिक्षा और अनुशासन से संबंधित प्रेरणादायक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और संस्कारों का आधार भी है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्य प्रभारी अनुराधा शर्मा ने बताया कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालय हमारी भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे विद्यालय राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। कार्यक्रम में समिति सदस्य श्वेता अग्रवाल और बबीता गोयल ने विद्यालय की सभी कक्षाओं का निरीक्षण कर पढ़ाई के स्तर का अवलोकन किया तथा शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना की। कार्यक्रम में कमलेश हाडा, विमला बैरवा, कविता मोची, यशोदा जोशी, ऋषिता बंसल, सुमन महेश्वरी उपस्थित रहे।





