देवली/कोटा:-(बृजेश भारद्वाज)। जिस सेंधा नमक को आप व्रत या उपवास में काम में लेते हो ये मिलावटिये आपकी उस आस्था के भी हत्यारे बन गए हैं… उसमें भी मिलावट कर चांदी कूट रहे हैं
अब आपका भगवान आपको व्रत करने से पुण्य दें रहा या नहीं इसकी वो ही जाने पर इनको तो कतई दंड नहीं दें रहा क्योंकि ये दिन दूनी रात चौगुनी रफ्तार से फल फूल रहे हैं। रानपुर एग्रो फूड पार्क स्थित एक काला नमक की फैक्ट्री पर छापा मार कर 600 किलो काला नमक जप्त किया गया है। यह नमक पूर्व में जयपुर स्थित किसी फॉर्म से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिया गया था वहां की प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यह अनसेफ पाया गया था खाद्य सुरक्षा दल कोटा ने रानपुर स्थित फैक्ट्री का निरीक्षण कर उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। इसके साथ ही यहां पर सेंधा नमक भी पाया गया जिसका भी नमूना लिया गया है ,काला ,नमक एंव सेंधा नमक के दो नमूने लेकर खाद्य प्रयोगशाला कोटा भिजवाया जा रहा है जहां से प्राप्त रिपोर्ट पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अनसेफ पाये गये काले नमक के उपलब्ध बैच नं को सीज करते हुए, बाजार में जहां जहां उक्त बैच के काले नमक की बिक्री हुई है उसे वापस मंगवाने के निर्देश प्रदान किए गये। साथ ही प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने तक सम्बंधित फैक्ट्री के फूड लाइसेंस को खाद्य सुरक्षा एंव मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत निलम्बित करने की अनुशंसा की गई। वहीं इसके उलट देवली में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की निष्क्रियता शहर से मिलावटखोरों की बल्ले बल्ले हो रही है। जनता को जहर परोसा जा रहा है। मगर अधिकारी आते जरूर है लेकिन खानापूर्ति करके चले जाते है।







